बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर विकासखंड के लिदरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते लगभग 20 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप होने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में भर्ती मरीजों, नवजात शिशुओं और प्रसूता महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े :- इंटरस्टेट पुलिस ऑपरेशन में तनाव! हिरासत और रिहाई से मचा हड़कंप
अस्पताल परिसर में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, वहीं पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है। गर्मी और उमस के कारण वार्डों में भर्ती लोगों का हाल बेहाल है।
सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल के कोल्ड चेन पॉइंट की बताई जा रही है, जहां टीकों को सुरक्षित रखने के लिए तय तापमान बनाए रखना जरूरी होता है। बिजली गुल रहने से तापमान नियंत्रण प्रभावित होने की आशंका है, जिससे लाखों रुपये की वैक्सीन खराब होने का खतरा मंडरा रहा है और टीकाकरण व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
गौर करने वाली बात यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस नए भवन का उद्घाटन कुछ महीने पहले ही बड़े दावों और सुविधाओं के साथ किया गया था, लेकिन जमीनी स्थिति इन दावों की हकीकत उजागर कर रही है।
घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग के बीच तालमेल की कमी भी सामने आई है। बिजली विभाग के नगर जेई रचित दुवा ने कहा कि ग्रामीण जेई अवकाश पर हैं और उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं है।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी उमेश साहू ने बताया कि सुबह स्टाफ से बिजली बंद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बिजली विभाग को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
लगातार जारी इस लापरवाही ने स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सवाल यह है कि क्या संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं में ऐसी अनदेखी जारी रहेगी या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?



