कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और बहन को भी उसने घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना वैष्णोदेवी मंदिर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी को कमरे में बंद कर चापड़ से हमला शुरू कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी सास और ननद उसे बचाने पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और तीनों घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि पत्नी की स्थिति अधिक नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पत्नी की शिकायत पर आरोपी पहले भी जेल जा चुका था, बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था और वे फिर साथ रहने लगे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



