मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की राजस्थान के भरतपुर जिले में निजी यात्रा के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रक की चपेट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़े :- दुष्कर्म केस की धमकी देकर मकान और जेवरात लिखवाए, महिला पर ब्लैकमेलिंग के आरोप
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर थे। भरतपुर जिले में एक ढाबे के पास वे सड़क किनारे खाना पैक करा रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में रखी रोटी पर अचानक आवारा कुत्तों ने झपट्टा मार दिया।
कुत्तों से बचने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में बुरी तरह घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर पुलिस से लगातार संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पार्थिव देह को छत्तीसगढ़ लाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की पत्नी तखतपुर में शिक्षिका हैं। उनके आकस्मिक निधन से न केवल मुंगेली पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। वे अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। पुलिस परिवार ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा रही है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।



