रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में VBG Ram G को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस इस मुद्दे पर चरणबद्ध प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटी हुई है।
इस पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से नामों को लेकर राजनीति करती आई है। आज कांग्रेस महज एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि VBG Ram G विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है और वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए इसमें जरूरी बदलाव किए गए हैं।
यह भी पढ़े :- ट्रंप को सीधी चुनौती: ‘हिम्मत है तो मुझे पकड़ो’, कोलंबियाई राष्ट्रपति के इस बयान से अमेरिका में मचा हड़कंप
उप मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह उनका निजी फैसला है। साव ने आगे कहा, “बेटे को जमानत तो मिल गई, लेकिन जिस निर्दोष आदिवासी के साथ अन्याय हुआ, उसे पूरे प्रदेश की जनता ने देखा है।”
जनविश्वास विधेयक द्वितीय को राज्यपाल की मंजूरी मिलने पर अरुण साव ने इसे जनहित में बड़ा कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक कानूनी जटिलताओं को कम करेगा, आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाएगा और अदालतों में लंबित मामलों का बोझ घटाएगा।
बजट तैयारियों पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त मंत्रालय लंबे समय से बजट बनाने में जुटा हुआ है। सचिव स्तर की बैठकें पूरी हो चुकी हैं और अब मंत्री स्तर की बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निर्णायक साबित होगा।



