कोरबा। जर्जर सड़क और उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। लखनपुर और आसपास के ग्रामीणों ने सुतर्रा-बांकीमोंगरा-कटघोरा बाईपास पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
प्रदर्शनकारियों ने SECL और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर सड़क की बदहाली को लेकर अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर उन्हें लिखित आश्वासन दिया जाए।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर आंदोलन खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी ठोस कार्रवाई और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
चक्काजाम के चलते बाईपास मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद ही आंदोलन समाप्त होने की स्थिति स्पष्ट होगी।




