दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के पुरई गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे कि उन्हें नहर के पास आधा जला हुआ युवती का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र: सरकार सक्रिय, विपक्ष के सवालों के लिए तैयार – टंकराम वर्मा
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे करगाडीह रोड पर टहलने वाले लोगों ने सड़क किनारे नहर के पास शव देखा। फॉरेंसिक टीम ने मिट्टी के नमूने, खून के धब्बे, जले हुए अवशेष और धारदार हथियार जैसे कई अहम साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया गया।
हत्या के भयानक सुराग
जांचकर्ताओं ने घटनास्थल पर बड़े पत्थरों पर खून के निशान भी पाए हैं, जिससे यह अंदेशा और मजबूत हो गया कि हत्या के बाद शव को पत्थरों से कुचला गया। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्या के समय क्षेत्र में आने-जाने वालों की पहचान की जा सके।
उतई पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ तेज कर दी है और लाश की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थानों से लापता युवतियों की सूची मंगवाई गई है, क्योंकि शव के जल जाने के कारण पहचान में मुश्किल हो रही है।



