दुर्ग। भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में कामकाज के दौरान नौकरानी ने पति के साथ मिलकर मालिक के घर से लाखों के गहने और कैश चोरी कर लिया। प्रकरण में पुलिस ने रविवार को आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़े :- सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से की मुलाकात, जनहित के मुद्दों पर हुई बातचीत
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-02 निवासी राकेश चौधरी छावनी थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर पदस्थ हैं। उनके घर में सरस्वती साहू (31) झाड़ू-पोछा का काम करती थी। सरस्वती ने अपने पति सेवक राम साहू (32) के साथ मिलकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और कैश चोरी कर लिया था।
ऐसे हुआ खुलासा
16 नवंबर को राकेश चौधरी ने घर की अलमारी से गहने और कैश गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को उन्होंने जेवर और नकदी अलमारी में रखी थी। 5 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने के लिए गहने निकालने गए तो अलमारी से सामान गायब मिला।
जांच के दौरान पुलिस को सरस्वती की हरकतों पर संदेह हुआ। पूछताछ में वह टूट गई और अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि 29 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच कई बार बिना लॉक की अलमारी से गहने और कैश निकालकर अपने पति को दे दिए थे।
8 लाख का सामान बरामद
आरोपी दंपती के बताए अनुसार पुलिस ने
- सोने की 2 चेन
- 4 झुमके
- 4 बाली-टॉप्स
- 1 लटकन
- 1 मंगलसूत्र
- 1 जेंट्स बाली
- चांदी की पायल
- 51,600 रुपए नकद
कुल मिलाकर करीब 8 लाख रुपए के आभूषण और कैश बरामद कर लिया। आरोपी सरस्वती और उसका पति सेवक राम शास्त्री नगर, कैम्प-1 के निवासी हैं। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



