मोकामा। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के बीच मोकामा विधानसभा सीट से बड़ी खबर सामने आई है। जेडीयू के हाईप्रोफाइल उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, राजद उम्मीदवार वीणा देवी को 29,720 वोटों से हरा दिया।
अनंत सिंह, जो दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद हैं, चुनाव के प्रारंभिक रुझानों से ही आगे चल रहे थे। 18वें राउंड की गिनती के बाद उनके खाते में 68,132 वोट दर्ज हुए, जबकि वीणा देवी को 48,845 वोट मिले। 20वें राउंड की मतगणना तक अनंत सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी से 23 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना ली थी।
मोकामा विधानसभा सीट पर अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी के बीच मुकाबला काफी हाईप्रोफाइल और रोमांचक था। इस क्षेत्र की राजनीति में बाहुबल और प्रभाव के लिए मोकामा हमेशा चर्चा में रहता है।
अनंत सिंह का चुनावी सफर
अनंत सिंह पहले भी जेल में रहकर चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 2015 में पार्टी से अलग होकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। इसके बाद 2020 में वे राजद में शामिल हुए और जेल में रहते हुए भी चुनाव जीतने में सफल रहे। हालांकि, 2022 में एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी। 2025 में अनंत सिंह फिर से जेडीयू में शामिल हुए और इस बार भी मोकामा से जीत दर्ज की।
अन्य प्रमुख उम्मीदवारों की स्थिति
20 दौर की मतगणना तक जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष 14,465 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजेश कुमार रत्नाकर 1,847 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे।
इस तरह मोकामा विधानसभा सीट पर अनंत सिंह ने अपने मजबूत किले को फिर साबित कर दिखाया और बिहार चुनाव 2025 की सबसे चर्चित जीत दर्ज की है।



