रायपुर। राजधानी रायपुर में ब्लिंकिट के करीब 600 से 700 डिलीवरी ब्वॉयज हड़ताल पर चले गए हैं। राइडर्स का आरोप है कि कंपनी उन पर 10 मिनट में डिलीवरी पूरी करने का दबाव बना रही है, जबकि भुगतान लगातार घटाया जा रहा है। पहले जहां उन्हें 15 रुपए प्रति किलोमीटर का भुगतान मिलता था, अब यह घटकर 7 रुपए प्रति किलोमीटर रह गया है।
हड़ताल पर गए डिलीवरी ब्वॉयज का कहना है कि समय पर सामान पहुंचाने की जल्दबाजी में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, और कंपनी की ओर से किसी भी तरह की सुरक्षा या सहायता नहीं दी जाती।
राइडर्स ने बताया कि “10 मिनट में डिलीवरी” की पॉलिसी उनके लिए जानलेवा साबित हो रही है। बारिश, ट्रैफिक या रात के अंधेरे में यह समयसीमा पूरी करना मुश्किल होता है, फिर भी कंपनी उनसे दबाव बनाती है। राइडर्स का यह भी कहना है कि कंपनी उनसे 9 घंटे से ज्यादा, कभी-कभी 16 से 17 घंटे तक काम करवाती है, लेकिन ओवरटाइम या अतिरिक्त भुगतान नहीं देती।
रायपुर में ब्लिंकिट के करीब 9 स्टोर हैं, जिनमें से अधिकांश जगहों पर राइडर्स को घटे हुए रेट पर भुगतान किया जा रहा है। कई राइडर्स ने आरोप लगाया कि ऐप में दिखाए गए रूट और वास्तविक दूरी में अंतर होता है, जिससे उनका भुगतान और घट जाता है।
हड़ताल कर रहे राइडर्स ने पुराने भुगतान दर यानी 15 रुपए प्रति किलोमीटर बहाल करने और सुरक्षा, बीमा व मेडिकल कवर की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ब्लिंकिट प्रबंधन के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत जांच कराई जाए।
राइडर्स यूनियन ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे डिलीवरी सेवाएं शुरू नहीं करेंगे। फिलहाल हड़ताल के चलते रायपुर में ब्लिंकिट की सभी डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह ठप हैं।



