रायपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है, जिसमें परेड, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर बस्तर तिरंगा यात्रा के द्वितीय दिवस का शुभारंभ
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। इनमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी की टुकड़ियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस की टुकड़ी भी परेड में हिस्सा लेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ जेल पुलिस के जवान भी कदमताल करते नजर आएंगे।
समारोह में नगर सेना और एनसीसी की टुकड़ियां भी शामिल रहेंगी। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी टुकड़ियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास कर रही हैं, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी तरह की कमी न रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड भी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। डॉग स्क्वायड द्वारा विशेष कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी।
मुख्य समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें समारोह स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।




