रायपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 चोरी की मोटर साइकिल और स्कूटी बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
यह भी पढ़े :- फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में युवक से मारपीट? नाक-सिर समेत कई जगह चोट का दावा, थाने पहुंचा मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू देवार (36), निवासी सुभाष नगर देवार मोहल्ला, थाना तेलीबांधा, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 और 17 अगस्त को राजकुमार खटवानी और मनीष खंदार ने सिविल लाइन थाने में अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों ने बताया था कि उन्होंने वाहन घर के सामने खड़े किए थे, लेकिन बाद में वहां से गायब मिले।
मामले की जांच के दौरान सिविल लाइन पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को चोरी की घटनाओं में गोलू देवार के शामिल होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से 6 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर राजेंद्र नगर, कटोरा तालाब, कुकुरबेड़ा-आमानाका, देवेंद्र नगर और खजाना चौक मल्टीलेवल पार्किंग सहित विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए वाहन बरामद किए गए।
बरामद वाहनों में स्प्लेंडर की दो बाइक, डीलक्स बाइक और तीन एक्टिवा स्कूटर शामिल हैं। सभी वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 425/2026 और 432/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।




