रायपुर। राजधानी रायपुर में बारिश के बीच खुले नाले में गिरने से 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर की है। मासूम गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी बारिश के पानी से भरी गली में अचानक नाले में जा गिरा। बहते-बहते वह करीब 500 मीटर दूर तक चला गया, जहां उसे बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़े :- नवविवाहिता की मौत से सनसनी, पति के कथित प्रेम संबंध को लेकर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक,चार वर्षीय काव्यांश साहू 4-5 बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक नाले में गिर गया। नाले का बहाव तेज होने के कारण मासूम करीब 500 मीटर दूर तक बह गया।
घटना के समय काव्यांश की बड़ी बहन भी मौके पर मौजूद थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह पास के किराना दुकानदार से तत्काल मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई। इसी बीच मासूम बहकर काफी दूर निकल गया। बाद में स्थानीय लोगों ने करीब तीन फीट गहरे नाले से उसे बाहर निकाला।
गंभीर हालत में काव्यांश को मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी महीने था मासूम का जन्मदिन
बताया जा रहा है कि काव्यांश का जन्मदिन इसी महीने था। उसके पिता खिलेश साहू मिस्त्री का काम करते हैं और फिलहाल काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। रायपुर में काव्यांश अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खुले नालों और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बारिश के मौसम में खुले नाले और गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई छोटी नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं और खुले नालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालों को ढका जाता या सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो इस तरह के हादसों को रोका जा सकता था।
चार साल के मासूम की मौत ने 2000 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाले रायपुर नगर निगम की कार्यशैली और बारिश से पहले की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




