रायपुर : बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन ने ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में खुलासा किया कि पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर द्वारा कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत के विरुद्ध दर्ज कराई गई शिकायत की जांच अब समाप्त हो चुकी है। आयुक्त ने बताया कि रिपोर्ट तैयार की जा रही है और इसे जल्द ही राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा। गौरतलब है कि ननकी राम कंवर ने कलेक्टर अजीत बसंत पर 14 गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की थी।
यह भी पढ़े :- हेट स्पीच मामले में अमित बघेल की गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम
इन आरोपों को लेकर पूर्व गृहमंत्री ने रायपुर में पहुंचकर जांच की मांग को तेज किया था और धरना-प्रदर्शन की धमकी तक दे डाली थी। इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने कंवर से मुलाकात कर बातचीत की। जांच कराने का आश्वासन मिलने पर कंवर ने अपना प्रदर्शन का प्लान टाल दिया।
सीएम के निर्देश पर यह जिम्मेदारी बिलासपुर आयुक्त को सौंपी गई थी। आयुक्त ने सभी 14 बिंदुओं पर विस्तृत जांच कराई। सूत्रों से पता चला है कि जांच के दौरान कंवर से आरोपों के समर्थन में दस्तावेज मांगे गए, जिन्हें उन्होंने उपलब्ध करा दिया। साथ ही, कलेक्टर अजीत बसंत से भी आरोपों पर स्पष्टीकरण लिया गया। अब तैयार जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई का फैसला होगा।



