नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली आज सोमवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी, जब ऐतिहासिक लाल किले के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास अफरातफरी मच गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, एक ही पल में कार आग के गोले में तब्दील हो गई। उससे उठी लपटों ने पास खड़ी करीब 7 से 8 गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि धमाका कार की सीएनजी टैंक फटने से हुआ या किसी विस्फोटक पदार्थ से।
मौके पर एनएसजी और एंटी-टेरर स्क्वॉड की टीमों को भी बुलाया गया है, ताकि हर कोण से जांच की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे धमाके से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।



