रायपुर। राजधानी के चंगोराभाठा इलाके में 25 वर्षीय नवविवाहिता मंजूषा गोस्वामी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति, देवर, सास और ससुर पर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
छट्ठी भोज में फूड पॉइजनिंग से पांच मासूमों की मौत, दर्जनों बीमार – पूरे गांव में मातम
मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति आशीष गोस्वामी और ससुर पूर्वेंद्र पूरी गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंजूषा की शादी इसी साल 16 जनवरी 2024 को चंगोराभाठा निवासी आशीष गोस्वामी से हुई थी। बताया गया कि दोनों के बीच टीवी रिमोट को लेकर विवाद हुआ था। आशीष ने पत्नी का मोबाइल छीन लिया और नीचे चला गया। इसके बाद दोनों में बहस बढ़ी और पति ने अपने माता-पिता के सामने मंजूषा को थप्पड़ मार दिया।
अपमान और आक्रोश में मंजूषा रोते हुए अपने कमरे में चली गई। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, फिर हाथ की नस काटने के बाद साड़ी से फंदा लगाकर पंखे से लटक गई। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने तोड़कर देखा—मंजूषा फंदे से झूल रही थी।
वीडियो में मंजूषा कहती नजर आ रही है मैं अपने जीवन से तंग आ चुकी हूं। मेरा पति, देवर, सास और ससुर सब मिलकर मुझे प्रताड़ित करते हैं। मेरी शादी को 10 महीने हुए हैं, लेकिन मैं 10 दिन भी सुकून से नहीं रह पाई हूं। मेरे पति ने आज मुझ पर दो बार हाथ उठाया है। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरा पति, देवर और सास-ससुर हैं।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम करवाया है। मंजूषा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।



