दुर्ग। जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (MCH) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ऑपरेशन थिएटर (OT) में बड़ी संख्या में चींटियां मिलने के बाद संक्रमण के खतरे को देखते हुए पिछले तीन दिनों से सिजेरियन (सी-सेक्शन) ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। इससे प्रसूताओं और अन्य मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े :- NEET-2026 प्रदर्शन में विवादित पोस्टरों की जांच तेज, सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री भी पुलिस के रडार पर
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 23 और 24 जुलाई को ऑपरेशन थिएटर में बड़ी संख्या में चींटियां दिखाई दीं। जांच के दौरान पता चला कि टूटी हुई टाइल्स और दीवारों की दरारों से चींटियां अंदर आ रही थीं। साथ ही, समय पर पेस्ट कंट्रोल नहीं कराए जाने की लापरवाही भी सामने आई। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से ओटी बंद कर दिया गया।
ओटी बंद होने के कारण पहले से तय सर्जरी प्रभावित हो गई हैं। शुरुआत में एमसीएच यूनिट के ऑपरेशन दूसरे थिएटर में शिफ्ट किए गए, लेकिन संक्रमण की आशंका को देखते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. बी.आर. साहू ने अन्य सर्जरी भी वहां करने पर रोक लगाने की सलाह दी। फिलहाल सभी सीजेरियन डिलीवरी मेजर ऑपरेशन थिएटर में कराई जा रही हैं, जहां केवल इमरजेंसी मामलों को ही प्राथमिकता दी जा रही है। सामान्य सर्जरी और निर्धारित ऑपरेशन की नई तारीखें दी जा रही हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 4 से 5 सर्जरी होती हैं। इस बीच ऑपरेशन थिएटर का फ्यूमिगेशन कराया जा चुका है, लेकिन संक्रमण पूरी तरह खत्म होने की पुष्टि के लिए कल्चर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट सामान्य आने के बाद ही ओटी को दोबारा शुरू किया जाएगा।
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि चींटियों और संभावित संक्रमण के बीच ऑपरेशन जारी रखे जाते, तो यह गंभीर लापरवाही होती। इसलिए एहतियात के तौर पर ओटी बंद कर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों का सुरक्षित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।



