रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में नाम बदलकर दोस्ती करने और शादी रचाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक मुस्लिम युवक पर पहचान छिपाकर शादी करने और जेल से लौटने के बाद उसका बच्चा नहीं सौंपने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़े :- मकान में चल रहे सेक्स रैकेट पर पुलिस का छापा, 3 हिरासत में
6 साल पहले ‘सोनू’ बनकर की थी दोस्ती
पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, छह वर्ष पूर्व आरोपी सुफरान शेख ने खुद को ‘सोनू’ बताकर उससे पहचान बढ़ाई थी। इसके बाद आरोपी ने शादी कर उसे पंडरी स्थित अपने घर ले जाकर नानी और बहनों के साथ रखा। इस दौरान पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया।
जेल से लौटने के बाद विवाद
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद आरोपी सुफरान शेख हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के एक मामले में गिरफ्तार होकर एक साल से अधिक समय तक जेल में रहा। जेल से छूटकर आने के बाद आरोपी ने उसका बच्चा अपने पास रख लिया और उसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों की सफाई और पुलिस की कार्रवाई
दूसरी ओर, आरोपी के परिजनों ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उन्होंने युवती को स्वीकार कर अपने साथ रखा था। परिजनों के अनुसार, सुफरान के जेल जाने के बाद युवती ने स्वयं आधार केंद्र जाकर अपना नाम परिवर्तित कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पंडरी थाने का घेराव कर आरोपी पर तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पंडरी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।



