Raipur Crimes : रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते युवक की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी तरुण शुक्ला और उसके साथी सुभाष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी ओमप्रकाश मिश्रा अब भी फरार है।
भूपेश बघेल का दिल्ली दौरा: बिहार चुनाव में सीट बंटवारे पर अपडेट और धान खरीदी पर सवाल
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सिद्धार्थ भतपहरी 5 अक्टूबर को अपने घर से नहाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की तलाश के बाद 8 अक्टूबर को मंदिर हसौद क्षेत्र के जिंदल फैक्ट्री के पीछे स्थित गिट्टी खदान के पास एक जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की पहचान सिद्धार्थ भतपहरी के रूप में की गई।
प्रथम जांच में पाया गया कि मृतक के सिर और गले पर गंभीर चोटें थीं और आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जला दिया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 483/25 के तहत धारा 103(1), 238(1), 3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने विशेष टीम गठित की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मंदिर हसौद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पूछताछ में मुख्य आरोपी तरुण शुक्ला ने कबूल किया कि आपसी विवाद के चलते उसने अपने साथी सुभाष शर्मा और ओमप्रकाश मिश्रा के साथ मिलकर सिद्धार्थ की हत्या की और बाद में शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि तीसरे आरोपी ओमप्रकाश मिश्रा की तलाश जारी है। (Raipur Crimes)
गिरफ्तार आरोपी:
तरुण शुक्ला, पिता राजेश्वर शुक्ला, उम्र 19 वर्ष, निवासी नवीन चौक, मंदिर हसौद।
सुभाष शर्मा, पिता रामअवतार शर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम जकारा, मंदिर हसौद।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (Raipur Crimes)



