रायपुर। विवादित ‘ज्ञानू-जानू’ वीडियो मामले में रायपुर पुलिस ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के खिलाफ दर्ज प्रकरण की जांच तेज कर दी है। भाजपा नेताओं की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अमित जोगी के जोगी निवास पहुंचकर उनके नाम से नोटिस चस्पा किया है।
यह भी पढ़े :- सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड, दिल्ली मुख्यालय में होगी पूछताछ; महादेव ऐप नेटवर्क पर खुल सकते हैं बड़े राज
पुलिस ने उन्हें नोटिस मिलने के एक दिन के भीतर थाने में उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ है मामला
सिविल लाइन पुलिस ने 3 नवंबर को दर्ज प्रकरण की जांच के सिलसिले में अमित जोगी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि मामले की जांच के दौरान तथ्यों और परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए उनसे पूछताछ आवश्यक है।

पुलिस ने नोटिस में बीएनएस की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामले का उल्लेख किया है। अमित जोगी को नोटिस प्राप्त होने के एक दिवस के भीतर थाना सिविल लाइन में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।
विवादित वीडियो को लेकर मचा था बवाल
मामला सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जैसे दिखने वाले मुखौटे पहने दो लोगों को दिखाया गया था। इसके बाद वीडियो में सांकेतिक विवाह और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे।
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए पुलिस में शिकायत की थी। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। भाजपा ने वीडियो को लेकर अमित जोगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पोस्ट डिलीट कर अमित जोगी ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने सोशल मीडिया से संबंधित पोस्ट हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि जिस संदेश को वह देना चाहते थे, उस पर उनका विश्वास अब भी कायम है, लेकिन उसे जिस तरीके से प्रस्तुत किया गया, वह आदर्श नहीं था।
अमित जोगी ने यह भी लिखा कि एक ऐसी रेखा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। इसके बाद विवादित ‘हनीमून’ पोस्ट को उनके सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया गया।
अब पुलिस की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद मामले में अमित जोगी से पूछताछ की तैयारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवादित वीडियो किसने तैयार किया, उसे सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया और मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।




