रायपुर। राजधानी में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश देकर जांच की। इसके लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक की जांच
जांच अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की। टीमों ने ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके अलावा सेंटर संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन से संबंधित दस्तावेज भी देखे गए।
पुलिस ने कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेखों की भी जांच की। इस दौरान यह देखा गया कि स्पा सेंटरों का संचालन निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।
लीज और स्वामित्व के दस्तावेज भी खंगाले
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में किसी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि की भी जांच की। इसके साथ ही सेंटर के लीज और किराए से जुड़े दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात और संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र में संचालित एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्पा सेंटरों पर आगे भी रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




