डोंगरगढ़। त्योहारी सीजन के बीच अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम राका में एक निर्माणाधीन मकान से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 10 पेटी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे युवक मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े :- रास्ता रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को 14-14 साल की सजा
जानकारी के अनुसार, अवैध शराब के परिवहन और बिक्री की सूचना मिलने पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में डोंगरगढ़ और राजनांदगांव आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने ग्राम राका में संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी।
बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, उस समय निर्माणाधीन मकान में शराब की खेप खाली की जा रही थी। टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान मुख्य आरोपी बताए जा रहे अंकुश पटेल मौके से फरार हो गया।
आबकारी टीम ने मौके से रोशन सिन्हा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मकान से करीब 10 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
आबकारी विभाग ने बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी रोशन सिन्हा को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जांच के घेरे में शराब का नेटवर्क
कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में मध्यप्रदेश निर्मित शराब छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ क्षेत्र तक कैसे पहुंची। आबकारी विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि शराब कहां से लाई गई और इसे क्षेत्र में किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी।
जांच में यह भी सामने आ सकता है कि इस अवैध शराब कारोबार के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। मुख्य आरोपी अंकुश पटेल के फरार होने के बाद आबकारी विभाग उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
त्योहारी सीजन के दौरान शराब की अवैध बिक्री और तस्करी की आशंका को देखते हुए आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
फिलहाल, आबकारी विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त की गई शराब की खेप किस रास्ते से डोंगरगढ़ पहुंची और इसे आगे कहां खपाया जाना था। मामले में जांच के बाद अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।




