रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला ट्रक के पहियों के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के बड़े पैमाने पर आपसी तबादले, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
मृतका की पहचान राजेश्वरी वर्मा (42), पति कमलेश वर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक 12, आजाद नगर गणेश चौक रावांभाठा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजेश्वरी वर्मा बुधवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर से रावांभाठा स्थित अपने कार्यस्थल रॉयल कंपनी जाने के लिए स्कूटी से निकली थीं। वह मेटल पार्क की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मेटल पार्क क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG 04 JC 4822 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। हादसे में महिला के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया।
उरला पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




