रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण को मंजूरी देते हुए आदेश जारी किया है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 25 अगस्त को जारी आदेश के तहत विभिन्न जिलों में पदस्थ शिक्षकों को आपसी सहमति के आधार पर नवीन पदस्थापना दी गई है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में फिर चाकूबाजी: ईद जुलूस के दौरान हिस्ट्रीशीटर ने तीन युवकों पर किया हमला, एक की कमर में घोंपा चाकू
विभागीय आदेश के मुताबिक, स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेंगे। स्थानांतरण सूची में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक समेत विभिन्न शैक्षणिक संवर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। अधिकांश मामलों में शिक्षकों को आपसी सहमति के आधार पर एक-दूसरे के वर्तमान विद्यालयों में पदस्थ किया गया है।
कई जिलों के शिक्षक स्थानांतरण सूची में शामिल
जारी सूची में रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर, सूरजपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, कांकेर, बलरामपुर-रामानुजगंज और महासमुंद समेत प्रदेश के कई जिलों के शिक्षक शामिल हैं।
आदेश में कई शिक्षकों का विद्यालय स्तर पर आपसी स्थानांतरण किया गया है। दुर्ग जिले में सहायक शिक्षकों को आपसी सहमति के आधार पर एक-दूसरे की पदस्थापना वाले विद्यालयों में भेजा गया है। इसी तरह कबीरधाम, रायगढ़, जशपुर, बालोद और दंतेवाड़ा सहित अन्य जिलों में भी आपसी स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं।
रायपुर के शिक्षकों का भी हुआ तबादला
रायपुर जिले में भी सहायक शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण को मंजूरी दी गई है। भनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक ई. लक्ष्मण राव और डंगनिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की सहायक शिक्षिका ममता गुप्ता को आपसी सहमति के आधार पर एक-दूसरे के विद्यालय में पदस्थ किया गया है।
प्रतिनियुक्ति से जुड़े आदेश भी शामिल
स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश में कुछ मामलों में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थापना और प्रतिनियुक्ति से वापसी का भी उल्लेख किया गया है। विभाग ने संबंधित शिक्षकों को आदेश के अनुसार नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
देखें पूरी स्थानांतरण सूची और विभागीय आदेश— संबंधित शिक्षकों की पदस्थापना, जिला और विद्यालय की पूरी जानकारी जारी आदेश में दी गई है।







