बेमेतरा। जिले में सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 17 से 18 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :- अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
जानकारी के अनुसार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल गांव के बीच बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
इस घटना के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल बच्चों का इलाज जारी है।




