रायपुर/अभनपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से दुष्कर्म और CMO पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 44 लाख 42 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। करीब सात साल पुराने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के सागर निवासी आरोपी आशाराम चौधरी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- अनियंत्रित स्कूल बस खेत में पलटी, 17-18 बच्चों में कई घायल
पीड़िता के अनुसार, वह वर्ष 2019 में सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्य प्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी से हुई। आरोपी ने झाड़-फूंक के माध्यम से इलाज करने का दावा किया था।
महिला ने बताया कि वह उस समय CMO पद की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि आरोपी ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और कहा कि वह CMO पद पर उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर महिला के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे कुल 44 लाख 42 हजार रुपए भी ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगवाने और पैसे वापस करने का भरोसा देता रहा। इसी कारण महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई और लंबे समय तक रकम वापस मिलने का इंतजार करती रही।
जब न तो उसे नौकरी मिली और न ही आरोपी ने पैसे वापस किए, तब पीड़िता ने अभनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही 44.42 लाख रुपए के लेन-देन, नौकरी लगाने के दावे और महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




