रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव खारुन नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंगोराभाटा निवासी उमेन्द्र देवांगन (53) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
18 अगस्त को घर से निकला था
जानकारी के अनुसार, उमेन्द्र देवांगन 18 अगस्त को घर से बिना किसी को बताए निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश करने के बाद डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खारुन नदी में तैरता मिला शव
शुक्रवार को उमेन्द्र देवांगन का शव खारुन नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत के कारणों की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।




