रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र स्थित एम्स के सामने शुक्रवार शाम एक युवक की कार से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी परिचित युवती को दूसरे युवक के साथ कार में जाते देख उन्हें रोककर विवाद करने लगा था। इसी दौरान युवती के साथी ने तेज रफ्तार कार से युवक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में कुदरत का कहर: बांगो डैम के 5 गेट खुले, हसदेव किनारे 35 गांवों में अलर्ट
मृतक की पहचान टाटीबंध (उदया सोसायटी, सेक्टर-4) निवासी परमप्रीत सिंह (33) के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्ग-भिलाई निवासी आरोपी भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कार की छत पर चढ़ा, फिर भी नहीं रोकी गाड़़ी
पुलिस के मुताबिक, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। परमप्रीत ने युवती और भरत मंगनानी को कार में जाते देख रोक लिया, जिसके बाद युवती से उसकी कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता देख युवती कार से नीचे उतर गई और मौके पर भीड़ जुटने लगी। इसी बीच आरोपी भरत ने कार की रफ्तार बढ़ाकर परमप्रीत को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही परमप्रीत कार की छत पर जा गिरा, लेकिन आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। कुछ दूरी तक घसीटने के बाद परमप्रीत सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने कार उसके ऊपर से निकाल दी और लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला। हादसे में परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई।
मंगेतर होने की आशंका, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी राहुलदेव शर्मा और एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर युवती से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, परमप्रीत और युवती के बीच दोस्ती थी और दोनों की शादी तय होने की बात सामने आई है।
आरोपी भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखा गया है।




