रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
हालांकि, चालू सीजन में प्रदेश की कुल बारिश अब भी सामान्य से 9 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा पानी, 35 गांव सतर्क
कोरबा जिले में हो रही मुसलाधार बारिश से मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर क्षमता के 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन बांध के 5 रेडियल गेट खोलकर 3,005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
तटीय इलाकों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे स्थित 35 गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सुरक्षित रहने और सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
बाढ़ प्रभावित/सतर्क गांव
बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला।
प्रमुख क्षेत्रों में दर्ज बारिश के आंकड़े
- 130 MM (अत्यधिक भारी): कोटाडोल
- 110 MM: शंकरगढ़, पोड़ी उपरोड़ा
- 80 MM: सन्ना, दौरा कोचली, रघुनाथनगर
- 70 MM: जनकपुर-भरतपुर
- 60 MM: बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली, सामरी
- 50 MM: रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी, मस्तूरी
- 40 MM: पाली, बगीचा, रामचंद्रपुर, दुलदुला, सीपत, करतला, जगदलपुर
30 MM तक: पेंड्रा, रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़, कांसाबेल, कुसमी, कोंटा, बस्तर, जशपुरनगर, नवागढ़, मरवाही, पामगढ़, केल्हारी, पेंड्रा रोड, चांदो, बिलासपुर, अकलतरा, टोकापाल, सकौला, बैकुंठपुर और खड़गवां।




