कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर से लगे ग्राम तरदा में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किसानों ने एक खेत में मगरमच्छ देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, ग्रामीणों ने सूझ-बूझ और सावधानी का परिचय देते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में MBBS-BDS दाखिले के लिए कल से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह जब किसान खेतों की ओर काम पर जा रहे थे, तभी उनकी नजर इस मगरमच्छ पर पड़ी। आकार में छोटा होने के कारण इसे मगरमच्छ का बच्चा बताया जा रहा है। किसानों ने तुरंत गांव के अन्य लोगों को सतर्क किया और उसे सुरक्षित काबू में कर लिया।
हसदेव नदी से भटककर आने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि यह मगरमच्छ पास ही बहने वाली हसदेव नदी से भटककर खेतों की तरफ आ गया होगा। क्षेत्र नदी से सटा होने के कारण यहां अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
वन विभाग की रेस्क्यू टीम पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि ग्रामीणों की सतर्कता से मगरमच्छ सुरक्षित है। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार इसे नदी या सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई की जा रही है, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।



