रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) ने प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।
यह भी पढ़े :- “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा यात्रा” अभियान राष्ट्र निर्माताओं के योगदान के प्रति
ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की समय-सीमा
DME द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार:
- ऑनलाइन आवेदन: 9 अगस्त (सुबह 11:00 बजे) से 16 अगस्त (रात 11:59 बजे) तक।
- चॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग: 9 अगस्त (सुबह 11:00 बजे) से 17 अगस्त (रात 11:59 बजे) तक।
वर्गवार आवेदन शुल्क तय (गैर-वापसी योग्य)
- अनारक्षित (UR) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): ₹1,000
- अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST): ₹500
- अनिवासी भारतीय (NRI): ₹10,000
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जमा किया गया आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस (Refund) नहीं होगा।
हर चरण में जारी होगी नई मेरिट सूची
काउंसिलिंग प्रक्रिया को लेकर विभाग ने बताया कि प्रत्येक चरण के लिए नए पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी और हर चरण के लिए एक नई प्रावीण्य (मेरिट) सूची जारी की जाएगी। प्रथम चरण में सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थी यदि ‘अपग्रेडेशन’ का विकल्प चुनते हैं, तो ही वे द्वितीय चरण में बेहतर सीट के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त, जिन अभ्यर्थियों को पहले चरण में सीट नहीं मिली थी या जो नए सिरे से पंजीयन कराएंगे, वे भी द्वितीय चरण की मेरिट प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
नियमों के अध्ययन की सलाह
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सख्त हिदायत दी है कि आवेदन पत्र भरने से पूर्व छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा स्नातक प्रवेश नियम, 2025 का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें। विशेष रूप से आरक्षण प्रावधान, काउंसिलिंग प्रक्रिया और बॉन्ड से जुड़ी शर्तों को समझने के बाद ही आवेदन दर्ज करें।
विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cgdme.in पर उपलब्ध हैं।



