रायपुर। सोशल मीडिया पर भगवान शिव एवं सनातन धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शुक्रवार को रायपुर में भारी विवाद खड़ा हो गया। हिंदू संगठनों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- खेत में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों की सूझ-बूझ से सुरक्षित पकड़ा गया; रेस्क्यू टीम मौके पर
क्या है पूरा मामला?
रायपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल नामक व्यक्ति के एक पेज से भगवान शिव को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट पर क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल ने भी कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की। इसके बाद सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद सड़कों तक पहुंच गया।
घर का घेराव और पुलिस की कार्रवाई
मामला सामने आते ही शुक्रवार को छत्तीसगढ़ बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोपी अरुण पन्नालाल के निवास का घेराव किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
घटना की संवेदनशीलता और माहौल में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पन्नालाल के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। इसके बाद सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने अरुण पन्नालाल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।



