रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली से पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर में एक किराए के मकान से मां और बेटे के शव बरामद किए गए हैं। दोनों की मौत का खुलासा उस वक्त हुआ, जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह भी पढ़े :- दीपावली से पहले बुझ गए घर के तीन चिराग, करंट से पिता-पुत्र के बाद मां की भी मौत
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोटा अशोक नगर में दिलीप मंडल के मकान में 52 वर्षीय जयजी देशमुख अपने बेटे हंसमुख देशमुख के साथ पिछले करीब चार वर्षों से किराए पर रह रही थीं। महिला के पति का नाम समीर देशमुख बताया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मां-बेटे को पिछले तीन से चार दिनों से घर के बाहर नहीं देखा गया था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से किसी तरह की हलचल भी सुनाई नहीं दे रही थी।
कई दिनों तक कोई गतिविधि नहीं होने के बाद जब कमरे से असहनीय दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के भीतर दाखिल हुई। अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। कमरे में मां और बेटे के शव पड़े हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लंबे समय से बीमार था बेटा, आत्महत्या की आशंका से भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हंसमुख देशमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। ऐसे में पुलिस बीमारी से जुड़ी परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रख रही है। शुरुआती स्तर पर मां-बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि मां-बेटे की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई? क्या बीमारी के चलते कोई दुखद कदम उठाया गया या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है? पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गुढ़ियारी थाना पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।




