सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले अंतर्गत बिहारपुर में एक वाहन दुर्घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीणों के बीच विवाद गहरा गया है। तहसीलदार और स्थानीय ग्रामीण के बीच हुई कहासुनी के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिहारपुर थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह भी पढ़े :- जिंदा महिला को कागजों में दिखाया मृत, जमीन की करा दी रजिस्ट्री: तत्कालीन तहसीलदार और पटवारी समेत 4 पर FIR
खड़ी कार में टक्कर मारने का आरोप
पीड़ित ग्रामीण के अनुसार, उसने अपनी एक्सयूवी (XUV) कार को सड़क के किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान बिहारपुर तहसीलदार करमचंद जाटवार अपनी ब्रेजा (Brezza) कार से पहुंचे और कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस घटना पर आपत्ति जताई, तो तहसीलदार ने अपने पद और प्रभाव का धौंस दिखाते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
थाने में शिकायत, मेडिकल कराने की मांग
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बिहारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण एकजुट होकर थाने पहुंचे और तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और सच्चाई सामने लाने के लिए तहसीलदार का मेडिकल परीक्षण कराया जाए।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारी पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



