रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर मिलावटखोरों को नहीं छोड़ेगी।
यह भी पढ़े :- तहसीलदार की कार से टकराई XUV, आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के बाहर दिया धरना; निष्पक्ष जांच की मांग
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल एनालॉग पनीर तक सीमित नहीं है, बल्कि दूध, दही, मक्खन और अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट करने वालों पर भी लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
500 किलो संदिग्ध पनीर मामले पर दिया जवाब
रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त होने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों की प्रक्रिया अलग होती है और इसमें रेलवे प्रशासन की भी भूमिका रहती है। हालांकि उन्होंने दोहराया कि इससे जांच या कार्रवाई प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने कहा, “वे डाल-डाल हैं, तो हम पात-पात हैं। मिलावट करने वालों के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर सरकार गंभीर
मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर छात्रों से चर्चा हो चुकी है और मुख्यमंत्री से भी इस विषय पर बातचीत हुई है। सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है।
कांग्रेस पर बोला हमला
वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के “एक जेब में पेट्रोल और दूसरी जेब में माचिस” है और पार्टी अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की स्थिति इसका उदाहरण है और पार्टी कभी एकजुट होकर काम नहीं कर पाती। उनके मुताबिक कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें लागू करने में असफल रहती है।
बृजमोहन अग्रवाल के पत्र का किया समर्थन
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र पर स्वास्थ्य मंत्री ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताना किसी भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस की आलोचना पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को बृजमोहन अग्रवाल से जनप्रतिनिधि के दायित्वों का निर्वहन और जनता के हित में काम करने की सीख लेनी चाहिए।



