दुर्ग/भिलाई। जिले के एजुकेशन हब भिलाई में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मृति नगर थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- महंगी बिजली पर गरजे दीपक बैज… बोले हर घर परेशान है, लेकिन बोल कोई नहीं रहा , अब सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
मनचले युवक ने चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ कैरम खेल रही छात्रा को जबरन किस (चुंबन) करने का प्रयास किया। विरोध करने और बीच-बचाव करने आई छात्रा की सहेली के साथ आरोपी ने मारपीट भी की। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
टपरी पर बैठी थी छात्रा, अचानक पहुंचा आरोपी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती है। बीते 31 जुलाई की शाम वह अपने सहपाठियों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की दुकान पर बैठी कैरम खेल रही थी। इसी दौरान हेमंत क्षत्री नामक युवक वहां पहुंचा और अचानक छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरन किस करने की कोशिश की।
घबराकर कुर्सी से गिरी छात्रा, लोगों ने पकड़ा
आरोपी की इस अचानक हरकत से छात्रा बुरी तरह घबरा गई और खुद को बचाने के चक्कर में संतुलन बिगड़ने से कुर्सी से नीचे गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों और छात्रों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। जब पीड़िता की सहेली ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथापाई और मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि, मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई, जिसमें आरोपी की पूरी करतूत साफ नजर आ रही है। शनिवार को पीड़िता की औपचारिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हेमंत क्षत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



