बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस ने सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल के जरिए कथित तौर पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक खबरें प्रसारित करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक टंडन पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों में बदलाव करने और उन्हें गलत संदर्भ के साथ प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा है।
यह भी पढ़े :- खुली पाती : भाजपा कार्यकर्ताओ की मुख्यमंत्री के नाम……..
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ ऐसी खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिनमें तस्वीरों को AI तकनीक की मदद से बदलकर कथित तौर पर गलत संदर्भ में पेश किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि इस तरह की सामग्री के जरिए संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की छवि एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। लोकेशन की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की प्रारंभिक जांच में न्यूज पोर्टल से जुड़े कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




