बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कानन पेंडारी के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेलिंग का सरिया दो युवकों के पेट में आर-पार हो गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़े :- जिला अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर चींटियों के कब्जे में, 3 दिन से बंद सिजेरियन डिलीवरी
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक मुंगेली जिले के पेंड्रीडीह, जरहागांव के निवासी हैं। वे अपने एक दोस्त को लेने बिलासपुर आए थे, लेकिन यहां पहुंचने पर पता चला कि उनका मित्र पहले ही गांव लौट चुका है। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। दुर्घटना में अब्राहम के पेट में रेलिंग का सरिया फंस गया, जबकि प्रियांशु के पेट में लोहे का पाइप घुस गया। तीसरे युवक को अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत घायलों के परिजनों और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
सिम्स में प्राथमिक उपचार के बाद अब्राहम और प्रियांशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए देर रात अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।



