जांजगीर-चांपा। साइबर थाना जांजगीर पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने ही साथी का मोबाइल फोन चोरी कर उसमें मौजूद आधार नंबर का दुरुपयोग करते हुए यूपीआई आईडी बनाने और बैंक खाते से करीब ₹4.87 लाख की अनधिकृत निकासी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसने चोरी की पूरी रकम गेमिंग में खर्च कर दी।
यह भी पढ़े :- युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, प्रेम संबंध के एंगल से भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, ग्राम चांदो (जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) निवासी आरक्षक सुधीर कुमार सिंह (41), जो वर्तमान में 11वीं बटालियन जांजगीर में पदस्थ हैं, ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात उन्होंने अपना वीवो Y21 मोबाइल बैरक में चार्जिंग पर लगाया था। ड्यूटी पर जाने से पहले जब वे मोबाइल लेने पहुंचे तो वह गायब मिला।
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर संदेह हुआ। घटना के बाद से उसके बटालियन परिसर में मौजूद नहीं होने पर पुलिस का शक और गहरा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद आधार नंबर का इस्तेमाल कर यूपीआई आईडी बनाई और पीड़ित के बैंक खाते से विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से ₹4,87,911 की निकासी कर ली। आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने पूरी रकम ऑनलाइन गेम खेलने में खर्च कर दी।
मेमोरेंडम कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-C और 66-D के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



