रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुई, जब वे गुरु पूर्णिमा पर बागेश्वर धाम के दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। हादसे में उनके कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, वापसी के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई।

हादसे के समय किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार, किरण देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। हादसे में उनके चालक को भी चोटें आई हैं।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



