कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे हत्याकांड का महज सात दिनों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या उसके करीबी दोस्त ने ही की थी।
यह भी पढ़े :- देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है : किरण देव
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उदय प्रताप सिंह राजपूत (34 वर्ष) निवासी जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। उसका शव बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी स्थित एक ढाबे के पास संदिग्ध हालत में मिला था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन उदय प्रताप सिंह अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से मृतक के सिर और सीने पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी पुलिस को गुमराह करने की नीयत से मृतक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। लगातार जांच और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच की मदद से ब्लाइंड मर्डर केस का त्वरित खुलासा संभव हो सका।



