दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार से धमकाया और महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया था। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 निवासी वी. कुमार (59) ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वे ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात युवक घुस आया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। घर में घुसते ही उसने धारदार हथियार दिखाकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के जेवर व नकदी की मांग करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के गले से सोने का नेकलेस छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पीड़ित परिवार, घरेलू सहायिका और अन्य गवाहों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विभान्शु महोबिया (21), निवासी जिला मंडला (मध्य प्रदेश), को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह वर्तमान में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, धारदार हथियार, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह इससे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली।



