बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय दीपू पैकरा और 14 वर्षीय चींटू पैकरा के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़े :- CG Weather : छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव, 25 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार
जानकारी के अनुसार, किसान भक्त प्रहलाद पैकरा अपने दोनों बेटों के साथ गांव के तालाब के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों को तालाब किनारे छोड़कर वे कुछ दूरी पर मोबाइल फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान 7 वर्षीय दीपू का पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चला गया।
छोटे भाई को डूबता देख 14 वर्षीय चींटू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। गहराई अधिक होने के कारण दोनों भाई पानी में डूब गए। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर दोनों को बाहर निकाला।
ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पचपेड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर किया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से चिल्हाटी गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।




