कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में मकान मालिक गजानंद साहू का परिवार बाल-बाल बच गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि मकान और घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़े :- रायपुर पुलिस की सतर्कता से परिजनों से मिला 2 वर्षीय मासूम, पिंक पेट्रोल ने दिखाई संवेदनशीलता
जानकारी के अनुसार, गजानंद साहू के घर की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में कथित रूप से गैस रिसाव (लीकेज) हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि छत का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
विस्फोट के बाद घर में रखा फ्रिज और दूसरा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। कुछ देर बाद फ्रिज में भी तेज धमाका हुआ, जिससे आग और अधिक फैल गई। आग की लपटों में घर का अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास के मकानों तक फैलने से रोक ली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गैस पाइप में लीकेज माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।



