रायगढ़। थाना घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) और तांबा तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे तांबा तार चोरी के तीन मामलों समेत मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना घरघोड़ा पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर नजर बनाए हुए थी। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने ढोरम बायपास में घेराबंदी कर संदेहियों मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुस्कुरा जंगल से चोरी का माल बरामद किया। इसमें 72 मीटर तांबा तार (कीमत 56,160 रुपये), 40 मीटर तांबा तार (कीमत 31,200 रुपये) और 66 मीटर तांबा तार (कीमत 51,480 रुपये) शामिल है। इसके अलावा एक आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। घरघोड़ा क्षेत्र में हुई उठाईगिरी की घटना में भी गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों ने बताया कि चोरी से मिली रकम को आपस में बांटकर शराब और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखा गया चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।



