रायपुर/अभनपुर, 21 जून। Rahul Gandhi in Abhanpur : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे और रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और विधायक देवेंद्र यादव समेत कई नेताओं ने उनकी अगवानी की।
राहुल गांधी एयरपोर्ट से सीधे अभनपुर स्थित अग्रवाल मंगल भवन पहुंचे, जहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में वे करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। शिविर में राहुल गांधी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे।
हालांकि कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया है, लेकिन प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे हैं। भीड़ इतनी अधिक रही कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत धक्का-मुक्की के बीच प्रवेश द्वार पर ही कुछ देर तक बाहर रुके रहे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ‘आलू से सोना निकालने की ट्रेनिंग’ देने आए हैं, जबकि कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए उन्हें ‘एक्सीडेंटल विधायक’ बताया और अनावश्यक बयानबाजी से बचने की नसीहत दी।
कांग्रेस के इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बड़ी कवायद माना जा रहा है।



