गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कोटमी के सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड के बाद उनके भाई को व्हाट्सएप पर धमकीभरा संदेश भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- ‘मेरे साथ साजिश हुई, वरना मैं बनता कांग्रेस अध्यक्ष’ : अशोक गहलोत का बड़ा दावा
पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी प्रियांशु सिंह को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ परिवार को धमकी दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद उसने उसी चैट में माफी भी मांग ली थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान प्रियांशु सिंह ने मैसेज भेजने की बात स्वीकार कर ली।
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी का सराफा कारोबारी की लूट और हत्या से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की मानसिक स्थिति के संबंध में डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने महज सनसनी फैलाने और खुद को घटना से जोड़कर पेश करने के उद्देश्य से संदेश भेजा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक छात्र है और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है। उसने मृतक के भाई का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त कर धमकीभरा संदेश भेजा था।
इधर, सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड की मुख्य जांच लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है। घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।



