रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 43 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की है।
यह भी पढ़े :- दीपक बैज का बयान कांग्रेस की आदिवासी-विरोधी राजनीति को छिपाने का प्रयास : केदार कश्यप
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान को पश्चिम जोन के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर सुनियोजित कार्रवाई की गई।
दो दिनों तक चले विशेष अभियान के दौरान थाना पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों में वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 22 स्थायी वारंट और 21 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई। इस तरह कुल 43 वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।



