रायपुर, 12 मई। Laptop Theft : इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हॉस्टल से एक साथ 15 लैपटॉप चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई। राजधानी रायपुर के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले इलाके नया रायपुर में हुई इस घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब छात्र परीक्षा देने के लिए एग्जाम हॉल में मौजूद थे। इसी दौरान एक शातिर चोर ‘मेंटेनेंस वर्कर’ बनकर हॉस्टल में घुसा और खाली कमरों को निशाना बनाते हुए कई लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया।
छात्रों को लगा बड़ा झटका
इंजीनियरिंग और आईटी छात्रों के लिए लैपटॉप सिर्फ एक डिवाइस नहीं, बल्कि उनके प्रोजेक्ट्स, रिसर्च डेटा, असाइनमेंट और एग्जाम नोट्स का पूरा रिकॉर्ड होता है। ऐसे में परीक्षा के बीच लैपटॉप चोरी होने से छात्रों को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
CCTV में कैद हुआ आरोपी
गनीमत रही कि पूरी वारदात हॉस्टल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक हॉस्टल के अंदर घूमता दिखाई दे रहा है। मामले की शिकायत राखी थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद IIIT प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि, एक अनजान शख्स हॉस्टल के अंदर तक कैसे पहुंच गया? क्या विजिटर एंट्री सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया? जब कई कमरों में चोरी हो रही थी, तब सुरक्षा गार्ड और वार्डन कहां थे? अब छात्र और अभिभावक संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।



