शुभेंदु अधिकारी ने आज पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार का गठन हो गया।
यह भी पढ़े :- ऑनलाइन शादी बनी दर्दनाक कहानी: जेठ ने लूटी आबरू, पति ने की खुदकुशी
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा गया था।
समारोह में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा और NDA के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, चिराग पासवान और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी समारोह में शामिल हुए।
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक और शंकर घोष ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
बताया जा रहा है कि 8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे, जहां भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया था।
शपथ ग्रहण के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें गमछा पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
भाजपा विधायक रूपा गांगुली ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन है और राज्य की जनता ने विकास के नाम पर भाजपा पर भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में ममता बनर्जी के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया।



