दुर्ग। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गुटखा फैक्ट्री का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त की है।
यह भी पढ़े :- बेबसी की तस्वीर: कैंसर पीड़ित पत्नी को बाइक पर लिटाकर कलेक्ट्रेट पहुंचा पति
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा के अनुसार, फैक्ट्री में ‘मुसाफिर’ ब्रांड का जर्दायुक्त गुटखा और ‘M4’ ब्रांड का सुगंधित जर्दा तैयार कर पैक किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान 13 मजदूर काम करते हुए पाए गए, जो मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्ग पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, जब्त सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री अप्रैल माह की शुरुआत से संचालित हो रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त दस्तावेजों और सामग्री के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फैक्ट्री संचालकों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।



